8 जनवरी 2011

चन्द तस्वीरें

(१)  
सिर्फ एक   नाम  या 
लिफाफे पर लिखा पता 
तुमसे क्या छिपा ?
डाला हुआ बैरंग ख़त 
उस पते ने लौटा दिया .
(२) 
बहुत कोशिशों के बाद 
याद नहीं आया 
पहचान  नहीं पाया 
स्मृतियों के जंगल में भटकता चेहरा 
जंगल से गुजरती कोई भी पगडंडी 
वापिस नहीं ले जा सकी 
उस मोड़ तक .
(३)
ये शहर 
वो मकान 
बहुत अपरिचित लगे 
बच्चे जो हो गए थे अब बूढ़े .
(४)
कोई नहीं खेलता 
टूटे खिलौनो  से
किसी दोस्त का उपहार हैं 
बचपन का प्यार है 
कोई नहीं फेंकता 
टूटे खिलौने .
(५)  
शहर फ़ैल गया है 
विस्थापित हो गए हैं 
दोस्तों के मकान 
तालाब के किनारे शाम 
अकेले ही रात में ढल गयी .

5 जनवरी 2011

अ से अनार

अ से अनार 
हिंदी की पहली कक्षा 
और पहला पाठ 
यही है इतिहास .
अक्षर ज्ञान हो गया 
बचपन खो गया 
पाठ पर पाठ 
पाठ दर पाठ    
यही है इतिहास .
छोटी अंगुलिओं से पकड़ी लेखनी 
सजिल्द हो गयी मोटी मोटी किताब 
समय भागता रहा 
किताब के पन्ने पलटते गए 
और भरते गए 
थरथराते हाथों से खाली पृष्ठ 
अब की - बोर्ड से उलझती हैं अंगुलियाँ 
अब भी नहीं समझ आती लम्बी लम्बी पंक्तियाँ 
और भारी भरकम शब्द 
कम हो चली है आँखों की रोशनी 
अक्षर बड़े बड़े लिखता हूँ 
खुद को कम दिखता हूँ 
बहुत कुछ कहना है अबाध 
अ से अनार 
से शुरू हुआ सफ़र 
लगता है ख़त्म होने को है 
ककहरे का ज्ञान !
हर वाक्य को लगाना पूर्ण विराम !
और उसी की तलाश में कहाँ आ गया 
लेकर 
अ से अनार !!

2 जनवरी 2011

बहुत दिनों के बाद

बहुत दिनों के बाद 
कितने प्रयत्नों और
कोशिशों के पश्चात 
सुना मैंने 
एकांत का स्वर 
मौन की भाषा 
सीख रहा हूँ  
चुप्पी की परिभाषा |
निर्मिमेष आँखों का व्याकरण 
पढ़ पाया 
अनकहे शब्दों को 
गढ़ पाया 
देखा टूटते 
मध्य रात्रि के नीरव में पसरा सन्नाटा 
भूंकते श्वान की 
गुंजायमान शब्दावलियों से  ढहराता |
चांदनी में नहाया शहर 
ओढ़कर रात्रि में 
अँधेरे की चादर 
सो गया थक हार कर |
फिर बियाबान में 
चिर मकान में 
स्वप्न सोपान में |
शब्दों का कोलाहल 
गायन  का शोर
जीवन का कलरव 
रेला चहुँओर 
कर्णभेदी संवाद 
गरजती कर्कशा 
किसी ने नहीं सुना 
कड़कती दामिनी 
खनकती वर्षा
कलकल बहती नदी 
सरसर डोलती हवा का प्रलाप 
टूटे सूखे पर्ण पत्तों पर 
धराशायी पैरों की पदचाप |
बहुत दिनों के बाद 
सुना मैंने 
एकांत का स्वर 
सीख रहा हूँ 
चुप्पी की परिभाषा 
कुछ कुछ सुनायी देने लगी  है 
अब 
प्रकृति की अभिलाषा |
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...